उर्रा (बहराइच)। नानपारा से ईंट लादकर शेखनपुरवा धौरहरा जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली नैनिहा में बाइक सवार को ओवरटेक करने लगी। इसी दौरान ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। सभी को सीएचसी ले जाया गया, जहां से दो को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
नानपारा के निकट स्थित एक भट्ठे से ट्रैक्टर चालक ईंट लादकर लखीमपुर खीरी के धौरहरा कोतवाली अंतर्गत शेखनपुरवा गांव जा रहा था। नानपारा लखीमपुर मार्ग पर नैनिहा के निकट वह बाइक सवार को ओवरटेक करने लगा। इस दौरान ट्रैक्टर ट्रॉली का चालक वाहन से संतुलन खो बैठा। इससे ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई।
इससे ट्रैक्टर चालक धौरहरा कोतवाली शेखनपुरवा गांव निवासी शाहरुख (25), मजदूर महताब (20), इरफान (17), अराफान (20) और तालिब (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सूचना थानाध्यक्ष हेमंत कुमार गौड़ को दी।
थानाध्यक्ष ने जालिमनगर चौकी इंचार्ज अरविंद यादव को मौके पर भेजा। चौकी इंचार्ज ने बताया कि घायलों को सीएचसी मोतीपुर पहुंचाया गया। इनमें शाहरुख और महताब की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।