बहराइच। मतगणना स्थल की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने रूट डायवर्जन निर्धारित किया है। चार पहिया वाहनों का प्रवेश गल्लामंडी की ओर पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। वहीं दरगाह मेले का पहला दिन होने के कारण प्रशासन ने रूट डायवर्जन की पूरी रूपरेखा तय कर ली है।
लोकसभा चुनाव की मतगणना का काम 23 मई की सुबह आठ बजे से शुरू कर दिया जाएगा। मतगणना को देखते हुए पूरे गल्लामंडी परिसर को एक अभेद किले की तरह सुरक्षा दी गई है, जिससे किसी तरह की वारदात नहीं हो सके।
एएसपी ग्रामीण रवींद्र सिंह ने बताया कि मतगणना के दौरान गल्ला मंडी की ओर किसी भी चार पहिया वाहन को आने नहीं दिया जाएगा। इसके लिए पोद्दार पेट्रोल पंप के सामने बैरीकेडिंग की गई है। वहीं, भिनगा रोड से दरगाह की ओर आने वाले भारी वाहनों को भी बैरीकेडिंग लगाकर दोनक्का व रिसिया की ओर से मोड़ दिया जाएगा। इसी तरह आसोम रोड चौराहे से गल्लामंडी व फल मंडी आने वाले वाहनों को भी गल्लामंडी चौकी और रिसिया की ओर भेजा जाएगा। जिससे वाहनों के जाम की समस्या से निजा रहेगी।
यहां रहेगी पार्किंग, गेट से करेंगे प्रवेश
एएसपी ने बताया कि चुनाव में आने वाले कर्मचारियों के वाहनों को गल्लामंडी के मुख्य गेट से अंदर प्रवेश दिया जाएगा। जिसे पीछे की तरफ खड़ा कर सकेंगे। वहीं सेंट्रल वेयर हाउस के परिसर में भी वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। गेट संख्या एक और दो से कर्मचारियों को पैदल प्रवेश दिया जाएगा।