बहराइच। चाय की दुकान, रोडवेज और अन्य सार्वजनिक स्थानों से लोगों के मोबाइल चोरी हो जाते थे। ऐसे लोगों के मोबाइल तलाशने के लिए एसपी ने सर्विलांस टीम को लगाया था।
टीम ने 51 मोबाइल तलाश कर उनको मोबाइल मालिकों को सौंप दिए हैं। इनकी कीमत करीब आठ लाख रुपये है। बहराइच शहर में मोबाइल खोने की वारदातें अधिक हो रही थीं। कई लोगों के महंगे मोबाइल गायब हो रहे थे।
लोगों ने मोबाइल खोने के लिए एसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को अलग-अलग प्रार्थना पत्र दिए थे। प्रार्थना पत्र मिलने पर एसपी ने सर्विलांस की टीम को मोबाइल तलाशने की जिम्मेदारी दी थी।
मोबाइल तलाशने में लगी टीमों ने खोने वाले मोबाइलों की जानकारी एकत्र की और उसे पाने वाले लोगों से मोबाइल को कब्जे में लिया।
एसपी ने मंगलवार को बरामद किए गए 51 मोबाइल को उनके स्वामियों को पुलिस लाइंस सभागार में सौंपा। खोए मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे।