बहराइच। होली की आहट के साथ खाद्य सुरक्षा औषधि विभाग की टीम ने जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने 15 क्विंटल मिलावटी मिठाई को मौके पर ही नष्ट कर एक मावा समेत नौ मिष्ठान के नूमनों को एकत्रित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। विभाग की ओर से अचानक शुरू हुई छापेमारी की कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा रहा।
रंगो का त्योहार होली की आहट के साथ ही जिले में मिलावटखोर भी सक्रिय होने लगे हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में मिलावटखोर खाद्य पदार्थों में मिलावट कर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने में जुट गए हैं। त्योहार को देखते हुए आयुक्त खाद्य सुरक्षा औषधि विभाग व डीएम ने जिले में विभाग के अभिहित अधिकारी विनोद कुमार शर्मा की अगुवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी अमरेश कुमार, खाद्य सुरक्षाधिकारी राघवेंद्र प्रताप वर्मा, डॉ. विश्राम, डॉ. रामतेज व अंकिता श्रीवास्तव की टीम को जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाकर छापा मारने के निर्देश दिए थे।
इसी के तहत रविवार को टीम ने चिलवरिया के मछियाही चौराहा स्थित शिवम गुप्ता की माही स्वीट्स व गनेश गुप्ता गनेश स्वीट्स पर छापा मारकर दुकान का सघन निरीक्षण किया। टीम ने दोनों मिष्ठान की दुकानों से दो छेना के रसगुल्ले, दो मिल्क केक, एक मावा, एक बर्फी, एक कलाकंद और दो बताशे के नमूनों को एकत्रित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। टीम ने दुकानों से विभिन्न प्रकार की 15 क्विंटल सिंथेटिक मिठाई को कब्जे में लेते हुए मौके पर ही नष्ट कराया। मामले में विभाग के डीओ शर्मा ने बताया कि रविवार को 15 क्विंटल सिंथेटिक मिठाई को नष्ट करते हुए नौ नमूनों को संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
छह माह में दुकानों में दो बार हो चुकी है कार्रवाई
चिलवरिया के मछियाही चौराहे पर स्थित गनेश स्वीट्स व माही स्वीट्स पर छह माह पूर्व भी काफी मात्रा में सिंथेटिक मिठाई मिली थी। विभागीय टीम ने नमूनों को एकत्रित कर जांच के लिए भेजा था। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद रिपोर्ट अनसेफ आया था। विभाग दुकान संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी में है। विभागीय अधिकारियों की मानें, तो मिष्ठान की दोनों दुकानों के संचालक सिंथेटिक मिठाइयों का बड़े पैमाने पर कारोबार कर रहे हैं। संचालक छोटी दुकानों पर सिंथेटिक मिठाइयों की सप्लाई कर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।