मरीजों को बाहर की दवाइयां लिखने पर बिफरे मंडलायुक्त
दवाओं तथा आक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश
बहराइच। देवीपाटन मंडल के मंडलायुक्त एसवीएस रंगाराव मंगलवार दोपहर बाद अचानक जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने महिला और पुरुष सेक्शन का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जांची। इस दौरान दो रोगियों ने शिकायत की। डॉक्टरों द्वारा दवा बाहर से लिखने व मरीज को भर्ती न करने की बात बताई। इस पर मंडलायुक्त बिफर पड़े। उन्होंने चिकित्सक को तलब करने के साथ ही सीएमएस से रिपोर्ट मांगी।
मंडलायुक्त एसवीएस रंगाराव ने जिला महिला अस्पताल एवं पुरूष अस्पताल का औचक निरीक्षण कर अस्पताल सुविधाआें का गहन निरीक्षण किया। चिल्ड्रेन वार्ड मेंआक्सीजन सिलेंडरों की स्थिति जांची। इस मौके पर सिलेंडरों की कमी से सेंट्रलाइज्ड आक्सीजन सप्लाई न होने की बात बतायी गयी। इस पर उन्होंने शासन को पत्र लिखने के निर्देश दिए। महिला वार्ड में निरीक्षण के दौरान भर्ती महिला मीनू पत्नी रामानंद ने मंडलायुक्त से डॉक्टरों द्वारा बाहर की दवाइयां लिखने की बात कही। इस पर आयुक्त ने पर्चा के साथ डॉक्टर को तलब किया। सीएमएस से रिपोर्ट मांगी है। इस मौके पर सीएमएस ने बाल रोग विशेषज्ञ की कमी की जानकारी दी। पुरुष जिला अस्पताल में हेल्प डेस्क पर एक महिला ने बच्चे को एनआरसी वार्ड में न भर्ती करने तथा बाहर से दवाइयां लिखने की शिकायत की। इस पर सीएमओ से रिपोर्ट तलब की गई।
अस्पताल में तीन मासूमों की मौत
बहराइच। जिला अस्पताल में बुखार से पीड़ित तीन मासूमों की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। रामगांव के खटिकनपुरवा निवासी रवि (5माह) पुत्र राजितराम, कोतवाली देहात के गनियापुर निवासी तन्नू (7) पुत्र विजय कुमार व सोनवा नैपुरा निवासी छोटू सिंह (10) पुत्र राकेश सिंह को गंभीर हालत में परिवारीजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।