निर्वाचक नामावलियों का 8 फरवरी को होगा अंतिम प्रकाशन
बहराइच। मतदेय स्थलों पर मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से चुनाव आयोग अभियान शुरू करेगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन आठ फरवरी को किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी अजय दीप सिंह ने बताया कि 1400 मतदाता प्रति मतदेय स्थल के आधार पर मतदेय स्थलों का संभाजन एवं मतदाता सूची के एकीकरण की कार्रवाई भी पूर्ण की जानी है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब अर्हता तिथि एक जनवरी 2018 के आधार पर होने वाले विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 26 दिसंबर एवं अंतिम प्रकाशन आठ फरवरी को किया जाएगा। 26 दिसंबर से 16 जनवरी के मध्य दावे एवं आपत्तियां दाखिल की जा सकती है। जबकि 30 दिसंबर व तीन जनवरी को ग्राम सभा, लोकल बॉडीज व अन्य स्थलों पर मतदाता सूची का सत्यापन, 31 दिसंबर, 7 व 14 जनवरी को राजनीतिक दलों के बूथ एजेंटों के साथ विशेष अभियान चलाकर दावे व आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। 26 दिसंबर से 16 जनवरी के बीच मतदाता सूची में दर्ज डुप्लीकेट इंट्री को हटाया जाएगा तथा 27 जनवरी को प्राप्त दावे व आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 29 जनवरी से 6 फरवरी के मध्य डाटाबेस अपडेशन व सप्लीमेंट्री लिस्ट प्रकाशित की जाएगी तथा आठ फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।