बहराइच। पहले चरण के नामांकन के अंतिम दिन मंगलवार को जिला पंचायत सदस्य के 188 प्रत्याशियों ने परचा भरा। वहीं, तेजवापुर, महसी और शिवपुर में बीडीसी के 1109 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया।
मंगलवार होने के चलते इस दिन ज्यादातर लोग अपना भाग्य आजमाते हुए चुनावी मैदान में उतरे। इसके चलते शहर में जाम लगता रहा, वहीं ब्लॉक मुख्यालयों पर भी भारी गहमागहमी रही।
पंचायत चुनाव के पहले चरण में जिला पंचायत सदस्य के 14 वार्ड और तेजवापुर के 105, महसी के 113 व शिवपुर के 123 क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर चुनाव होना है।
जिला पंचायत सदस्य के लिए अंतिम दिन एडीएम कोर्ट पर 188 प्रत्याशियों ने जुलूस निकालकर नामांकन किया। एडीएम विद्याशंकर सिंह ने बताया कि दो दिन में जिला पंचायत सदस्य पद पर 291 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है।
उधर, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के चुनाव के लिए महसी में 394 प्रत्याशियों ने अंतिम दिन नामांकन दाखिल किया। विकासखंड तेजवापुर में मंगलवार को 315 और शिवपुर में 400 लोगों ने नामांकन किया।
आज और कल होगी जांच
उप जिला निर्वाचन अधिकारी विद्याशंकर सिंह ने बताया कि पहले चरण के तहत नामांकन करने वाले प्रत्याशियों के नामांकन पत्र की जांच 30 सितंबर व एक अक्तूबर को की जाएगी। उन्होंने बताया कि जांच के बाद तीन अक्तूबर को नाम वापसी और चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा।
कलेक्ट्रेट में लगी लाइन
जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मंगलवार को एडीएम कोर्ट पर काफी संख्या में प्रत्याशी पहुंचे। ऐसे में अधिकारियों ने उन्हें लाइन में लगकर नामांकन करने का निर्देश दिया। सुबह से देर शाम तक कोर्ट में गहमागहमी रही।