पीड़ित को ही लाकअप में किया बंद, हेड मोहर्रिर लाइन हाजिर
बहराइच। कोतवाली नगर अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी महिला के साथ हुई छिनैती की वारदात में एसपी ने केस दर्ज करने के आदेश दिए थे। कोतवाली के हेड मोहर्रिर ने केस दर्ज नहीं किया, उल्टे वादी को ही लाकअप में बंद कर दिया। इसकी शिकायत मिलने पर एसपी के निर्देश पर सीओ कैसरगंज ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मामला सही मिलने पर एसपी ने तत्काल प्रभाव से हेड मोहर्रिर को लाइन हाजिर कर दिया है।
सखैयापुरा निवासी अभिषेक जैन की बाराबंकी के दरियाबाद थाना अंतर्गत सरावंगी मोहल्ला निवासी बुआ सूरज जैन पत्नी ओमप्रकाश जैन एक सप्ताह पूर्व बहराइच आई हुई थीं। यहां पहुंचने पर वह रिक्शे से घर जा रही थीं। पीछे बाइक से पहुंचे बदमाश उनका पर्स छीनकर फरार हो गए थे। इसकी तहरीर कोतवाली में दी गई थी। केस नहीं दर्ज होने पर अभिषेक ने एसपी से शिकायत की। इस पर एसपी ने केस दर्ज करने का आदेश कोतवाली पुलिस को दिया। इसके बाद बुधवार को अभिषेक एफआईआर की प्रति लेने गया था। इस पर मौके पर मौजूद हेड मोहर्रिर शिवाकांत पांडेय ने दो सौ रुपये घूस मांगा। इसका विरोध करने पर हेड मोहर्रिर ने उसे लाकअप में बंद कर दिया। इसकी सूचना मिलने पर एसपी ने सीओ कैसरगंज केके सिंह चौहान को मौके पर जांच के लिए भेजा। जांच में मामला सही पाया गया। एसपी सुनील सक्सेना ने बताया कि जांच में शिकायत सही मिलने पर हेड मोहर्रिर को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले में अभी और जांच कराई जा रही है।