बहराइच। शहर निवासी दो लोगों समेत 12 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी को होम आइसोलेट करा दिया है। उधर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना जांच की गई। कुल एंटीजन जांच 288 लोगों की हुई। 176 आरटीपीसीआर सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजे गये।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को जिले में 12 कोरोना पॉजिटिव मिले। शहर के मोहल्ला सूफीपुरा और सखैयापुरा निवासी युवक कोरोना पॉजिटिव निकला है। इसके अलावा विशेश्वरगंज के जड़हिया, मिहींपुरवा का कुड़वा निवासी ग्रामीण पॉजिटिव निकले हैं। सीएमओ ने बताया कि सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट करा दिया गया है।
पयागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीपीएम अनुपम शुक्ला ने बताया कि बुधवार को स्वास्थ्य टीम ने 62 एंटीजन और 55 आरटीपीसीआर जांच की। बलहा के अमवा हुसैनपुर के बीपीएम अजय यादव ने बताया कि 61 एंटीजन और 50 आरटीपीसीआर जांच स्वास्थ्य टीम ने की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बुधवार को शिविर लगा। अधीक्षक डॉ. चंद्रभान ने बताया कि 65 एंटीजन और 16 आरटीपीसीआर जांच हुई।
नवाबगंज क्षेत्र में चरदा, बाबागंज और नवाबगंज में कोरोना जांच शिविर लगा। चरदा सीएचसी के अधीक्षक डॉ. अर्चित श्रीवास्तव ने बताया कि 100 एंटीजन और 55 आरटीपीसीआर जांच स्वास्थ्यकर्मियों ने की है। कुल 288 एंटीजन जांच हुई जबकि 176 आरटीपीसीआर जांच हुई। आरटीपीसीआर सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजे गये हैं। इनकी रिपोर्ट दो दिन बाद जारी की जाएगी।