नानपारा (बहराइच)। नगर के श्रीशंकर इंटर कॉलेज सभागार में पराली जलाने को लेकर बैठक हुई। इसमें क्षेत्र के ग्राम प्रधान, राजस्वकर्मी और पंचायत सचिव मौजूद हुए। एसडीएम ने कहा कि तीन दिनों तक राजस्वकर्मी और पंचायत सचिव गांवों में रात्रि प्रवास करें। पराली जलाने वालों पर नजर रखें। इसके बावजूद अगर किसान खेत में पराली जलाए तो उसके विरुद्ध केस दर्ज कर कार्रवाई की जाए। शिथिलता पर कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
नानपारा नगर स्थित श्रीशंकर इंटर कॉलेज परिसर में पराली जलाने को लेकर जागरूकता बैठक बुधवार को हुई। मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी आईएएस सूरज पटेल व एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार रहे। इसकी अध्यक्षता नायब तहसीलदार मनीष कुमार वर्मा व सीओ डॉ. जंग बहादुर यादव ने की। गोष्ठी में बलहा विकास खंड के सभी ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, कोटेदार, राजस्वकर्मी, लेखपाल व चौकीदार को बुलाया गया।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि तीन दिन तक राजस्व कर्मी और पंचायत सचिव रात्रि प्रवास करें। पराली जलाए जाने पर उसकी फोटो खींचकर किसानों के विरुद्ध मुकदमा लिखाएं। इसके साथ ही जल रही पराली की वीडियो खंड विकास अधिकारी को भेजें। कहा कि कोटेदार के यहां तैनात सरकारी कर्मचारी, ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव सहयोग करेंगे। सहयोग न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। कहा कि अभियान 10 दिन तक चलेगा। सभी ग्राम प्रधान पराली को गौशाला में भेज सकते हैं जिससे जलाने की नौबत ही न आए।
एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार व सीओ डॉ. जंग बहादुर यादव ने कहा कि राजस्वकर्मी कोतवाली व संबंधित थाने में तहरीर दें। पराली जलाने वालों के विरुद्ध केस दर्ज किया जाएगा। कोतवाल हर्षवर्द्धन सिंह ने कहा कि राजस्वकर्मियों व ग्राम प्रधान की सूचना पर तुरंत मुकदमा लिखा जाएगा। नायब तहसीलदार ने कहा कि तहसील मुख्यालय से सभी क्षेत्र में नजर रखी जा रही है। पराली जलाने पर जुर्माना के साथ केस दर्ज कराने की कार्रवाई होगी।
नानपारा तहसील क्षेत्र में रोक के बावजूद पराली जलायी जा रही है। इसको देखते हुए एसडीएम ने कार्रवाई की है। उपजिलाधिकारी ने बताया कि क्षेत्र के पांच ग्राम प्रधानों पर 95 जी के तहत नोटिस दिया गया है जबकि 31 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। दो कंबाइन सीज करते हुए सात लेखपालों का वेतन रोका गया है।