बहराइच। आबकारी आयुक्त के निर्देश पर रविवार को विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के खिलाफ एक साथ अभियान चलाया। अभियान के तहत विभाग की टीम ने 117 लीटर तैयार अवैध शराब व काफी मात्रा में शराब बनाने के उपकरण बरामद कर दो धधकती हुई भट्ठी व सात क्विंटल लहन को मौके नष्ट कर दिया। टीम ने मामले में एक अभियुक्त को मौके पर गिरफ्तार कर थानों पर चार मुकदमा पंजीकृत कराया है।
जिले के कैसरगंज, नानपारा व महसी तहसील के विभिन्न गांवों में तैयार हो रही अवैध कच्ची शराब की रोकथाम को लेकर आबकारी आयुक्त ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी के तहत डीएम ने जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया को विभाग की टीम गठित कर जिले में एक साथ छापा मारकर शराब माफिया पर शिकंजा कसने का निर्देश दिया था। डीएम के निर्देश के बाद रविवार को विभाग की टीम ने आबकारी निरीक्षकों व स्थानीय पुलिस अधिकारियों की अगुवाई में तहसील क्षेत्र स्थित थाना जरवलरोड, हरदी, मोतीपुर के अंतर्गत ग्राम करनईडीह, भरथा, खनेहटा, पासियनपुरवा, फत्तेपुरवा, परवानी गौढ़ी व नैनिहा में औचक कार्रवाई की। विभाग की टीम ने पूरे गांव को खंगालना शुरू किया।
इस दौरान टीम को करनईडीह में नदी के किनारे झाड़ियों के बीच दो धधकती हुई भट्टी, शराब बनाने के उपकरण के साथ काफी मात्रा में लहन मिली। टीम ने झाड़ियों की कांबिंग कर 117 लीटर तैयार अवैध शराब को मौके पर बरामद किया। टीम ने लहन का तौल करते हुए सात सौ किलोग्राम लहन व दोनों धधकती हुई भट्ठियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया। टीम ने बरामद अवैध शराब को सीज करते हुए मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
डीईओ लवानिया ने बताया कि शासन व प्रशासन के निर्देश पर अवैध शराब के विक्रेताओं को चिह्नित कराने के लिए मुखबिरों को लगाया गया था। उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर विभाग व स्थानीय थानों की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा। जिसके बाद एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। काफी मात्रा में अवैध शराब, लहन व शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। थानों पर चार मुकदमों को पंजीकृत कराया गया है। शेष अभियुक्तों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए शीघ्र जेल भेजा जाएगा।