विश्व डॉल्फिन दिवस पर बहराइच जिले से एक संवेदनशील दृश्य सामने आया है। यहां शनिवार देर शाम कतर्नियाघाट रेंज के चौधरी चरण सिंह घाघरा बैराज के निकट सरयू नहर में कम पानी के बीच एक गैंगेटिक डॉल्फिन फंसी मिली। यह वही डॉल्फिन है, जिसे भारत का राष्ट्रीय जलीय जीव घोषित किया गया है। इसकी संख्या लगातार घट रही है।
डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी दबीर हसन ने बताया कि दो दिन पूर्व बैराज पर सरयू नहर के सभी गेट बंद कर दिए गए। इससे नहर का जलस्तर काफी घट गया। इसी दौरान यह डॉल्फिन नहर में फंस गई। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की संयुक्त टीम लगातार रेस्क्यू में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सरयू नहर में कई बार गैंगेटिक डॉल्फिन देखी जा चुकी हैं। लेकिन, इस बार कम जलस्तर के कारण यह दुर्लभ जलीय जीव फंस गया है। ग्रामीण भी डॉल्फिन को बचाने के लिए विभागीय टीम की सहायता में जुटे हैं। वन विभाग का कहा है कि यदि नहर में पानी छोड़ा गया तो डॉल्फिन को बैराज की ओर सुरक्षित निकालना आसान होगा। फिलहाल, टीम लगातार निगरानी कर रही है। बैराज के अधिकारियों से भी संपर्क साधा जा रहा है।