इकौना / श्रावस्ती। बलरामपुर से बहराइच जा रही पिकअप का टायर बुधवार को इकौना के नारायनपुर के पास फट गया। इससे पिकअप अनियंत्रित हो मार्ग किनारे स्थित दुकान पर चाय पी रहे लोगों से जा भिड़ी। इससे आठ लोग घायल हो गए। वहीं मल्हीपुर के उल्टहवा पुल के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर मार्ग पर ही पलट गई। इससे बाइक सवार किशोर सहित दो लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया।
बौद्ध परिपथ स्थित नारायनपुर गांव के पास जगदीशपुर निवासी अनिल जायसवाल गुमटी में जलपान की दुकान करते हैं। बुधवार को अनिल की दुकान पर कुछ लोग चाय पी रहे थे। उसी दौरान बलरामपुर से बहराइच जा रही तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित हो मार्ग किनारे बने नाले में चढ़ गई। इससे पिकअप का पिछला टायर फट गया।
टायर फटने के कारण पिकअप अनियंत्रित जायसवाल की गुमटी के किनारे बैठे जगदीशपुर निवासी मजदूर राम पुजारी यादव (55), भिट्टी निवासी नानकून यादव (40), गंगा राम यादव (60), राजेश यादव (50), शिव सागर (50), बदलू बाबा (64), भुल्लर (66), संतोषी प्रसाद (70) को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई।
पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी इकौना पहुंचाया। बदलू की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया। पुलिस ने चालक सहित पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया।
वहीं मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम खांवा कला निवासी छोटकऊ वर्मा (40) अपने पुत्र लवकुश (10) के साथ मंगलवार रात बाइक से अपनी ससुराल बहोरवा से लौट रहे थे। उलटहवा पुल के पास बाइक अनियंत्रित हो मार्ग पर ही पलट गई। इससे पिता-पुत्र को गंभीर चोट आईं। दोनों को एंबुलेंस से लाकर सीएचसी मल्हीपुर में भर्ती कराया गया।