बड़ौत। कोरोना की दूसरी लहर का कहर इन दिनों गंभीर होती जा रही है। रोजाना कोरोना संक्रमितों के आंकड़े बढ़ रहे हैं। कोरोना के इस प्रकोप का देखते हुए सरकार ने फैसला लिया है कि एक मई से 18 वर्ष से अधिक आयु वालों को कोरोना का टीका लगेगा। युवा सरकार के इस फैसले के साथ हैं। वे टीकाकरण के लिए आगे आएंगे।
कस्बा निवासी सत्यम का कहना है कि मैं रोजाना बाहर आता-जाता हूं। कई लोगों से मिलता जुलता हूं। हर समय संक्रमित होने का डर लगा रहता है। अब टीकाकरण की सुविधा मिलने की जानकारी पाकर चिंता कम हुई है। उम्र कम होने की वजह से पहले टीकाकरण नहीं करा पाया था। अब खुद को संक्रमण से बचाने के लिए टीका जरूर लगवाउंगा।
नगर के रोहित का कहना है कि देश में युवा सबसे अधिक हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते युवाओं को भी संक्रमित होने का खतरा है। अब कोरोना का टीका लगवाने के लिए उम्र सीमा घटाई गई है। सरकार का यह फैसला सही है और युवाओं की सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी है। मुझे भी अपनी बारी का इंतजार है।
कस्बे सूरज का कहना है कि हमारे लिए बहुत खुशी की बात है कि इस बार हम भी टीका लगवा सकेंगे। युवाओं को लंबे समय से इसकी प्रतीक्षा थी। शनिवार को टीकाकरण के लिए सबसे पहले केंद्र पर पहुंच जाउंगा। इसके लिए दोस्तों को भी प्रेरित करूंगा।
अमन का कहना है कि आज के समय में युवाओं को नौकरी व पढ़ाई आदि के सिलसिले में घर से बाहर आना जाना पड़ता है। इसलिए 18 वर्ष से अधिक लोगों को टीका लगाने का सरकार का निर्णय बिल्कुल सही है। युवाओं को कोरोना का टीका लगेगा तो वे सुरक्षित महसूस करेंगे। टीकाकरण को लेकर मैं खुद उत्साहित हूं और मुझे अपनी बारी का इंतजार है।