मंसूरपुर-चमरावल मार्ग पर घटना की जानकारी लेते सीओ खेकड़ा दिलीप सिंह
- फोटो : BAGHPAT
चांदीनगर (बागपत)। चमरावल-मंसूरपुर मार्ग के एयरफोर्स स्टेशन के पास रुपये के लेनदेन में एक युवक को गोली मार दी गई। गंभीर अवस्था में युवक को बालैनी के देवभूमि नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले कि छानबीन में जुटी है।
चांदीनगर थानाध्यक्ष मुनेंद्रपाल सिंह ने बताया कि केहरका निवासी नितिन पुत्र नंदकिशोर और अंकित पुत्र हरिप्रकाश का रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चला आ रहा था। गांव के लोगों ने बताया की नितिन और अंकित शुक्रवार दोपहर रुपये के लेनदेन को लेकर चांदीनगर एयरफोर्स स्टेशन स्थित बैक में आये। लौटते समय दोनों युवकों का मंसूरपुर-चमरावल मार्ग पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया की नितिन को गोली मारकर अंकित फरार हो गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग उस ओर दौड़ पडे़। गोली नितिन के कंधे में लगी। सूचना मिलते ही नितिन के परिजन और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। युवक को बालैनी के देवभूमि नर्सिंग होम में भर्ती कराया। सूचना पर सीओ खेकड़ा दिलीप सिंह भी घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। बताया कि नितिन और अंकित का विवाद आपसी रुपयों के लेनदेन का है। आरोपी अंकित फरार है, पकड़ने के लिए दबिश दी जाएगी।