अपने खर्च पर दौड़ का ट्रैक तैयार कर आगे बढ़ रहे युवा
बालैनी (बागपत)। जिले में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। संसाधनों के अभाव में भी जिले के युवा खेल व अन्य क्षेत्रों में अपनी उपयोगिता दर्शा रहे हैं। बालैनी में श्रीकृष्णा इंटर कालेज के ग्राउंड में गांव के अलावा आस-पास के दर्जनों गांव के युवाओं ने मिलकर अपनी जेब खर्च और गांव के बुर्जुगों के सहयोग से दौड़ के लिए ट्रैक तैयार किया है। ग्राउंड में प्रतिदिन युवा दौड़ व हेमर थ्रो की प्रैक्टिस कर रहे हैं।
बालैनी के श्रीकृष्णा इंटर कालेज के ग्राउंड पर गांव के अलावा सिंघावली अहीर, बुढ़सैनी, नवादा, हरियाखेड़ा सैडभर, नंगला, डौलचा के अलावा मेरठ के डालूहेड़ा, रावा, रघुनाथपुर, डौलड़ी, बहरामपुर, टिमकिया, नेक, कुराली व जानी गांव के युवा दौड़ की प्रैक्टिस करते हैं। हेमर थ्रो के कोच सतेंद्र यादव बताते है कि ट्रैक के अभाव में बच्चों को प्रैक्ट्रिस करने के बाधा उत्पन्न हो रही है। कई सामाजिक संस्थाओं व राजनेताओं से युवाओं की समस्या का समाधान कराने की मांग की गई, मगर मांग पूरी नहीं हो सकी। प्रैक्टिस करने के लिए आने वाले युवाओं ने अपने जेब खर्च से लगभग एक लाख रुपये इकट्ठा किए और 15 दिनों में ट्रैक तैयार कर लिया। ट्रैक तैयार करने में बालैनी थानाध्यक्ष हेमेंद्र बालियान, डॉ. एसपी यादव, डॉ. सीमा यादव, गौरव भारद्वाज, मुरली फौजी, पूर्व फौजी जयवीर यादव, गगन यादव के अलावा गांव के फौज से सेवानिवृत्त बुजुर्गों ने ट्रैक तैयार करने में युवाओं का साथ दिया।