संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर बामनौली पुलिस चौकी के निकट भैंसा-बुग्गी में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बुग्गी सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। किसान के बेटे की बड़ौत के हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
बामनौली निवासी सतपाल अपने बेटे प्रवेंद्र के साथ मंगलवार को भैंसा-बुग्गी लेकर खेत पर जा रहा था। बामनौली पुलिस चौकी से आगे अज्ञात वाहन ने भैंसा-बुग्गी को टक्कर मार दी। जिससे बुग्गी पलट गई तथा पिता-पुत्र नीचे दब गए। राहगीरों ने बुग्गी के नीचे से उन्हें निकालकर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घायलों को बड़ौत के हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान प्रवेंद्र (32) की मौत हो गई। सतपाल को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सतपाल ने दोघट थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मृतक प्रवेंद्र मूक बघिर बताया जा रहा है। पुलिस ने प्रवेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
------