बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर हुआ हादसा, पत्नी व बच्ची सहित तीन घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर दाहा-भड़ल के बीच वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी व छोटी बच्ची तथा एक ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बिनौली सीएचसी में भर्ती कराया।
पलड़ा निवासी इरफान पुत्र इसराइल अपनी पत्नी नजमा और तीन वर्षीय बच्ची को लेकर मुजफ्फरनगर के तावली गांव बाइक से जा रहा था। गैडबरा बस स्टैंड के सामने अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में इरफान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पत्नी नजमा व बच्ची घायल हो गए। इसके अलावा वाहन की टक्कर लगने से गैडबरा बस स्टैंड पर खड़ा ई-रिक्शा चालक सोनू भी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला और उसकी बच्ची को बिनौली सीएचसी में भर्ती कराया। ई-रिक्शा चालक को ग्रामीणों ने बुढ़ाना अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इंस्पेक्टर दिनेश कुमार चिकारा ने बताया कि मृतक की सूचना परिजनों को दे दी है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेजा है।