बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जिवाना में बनाए गए टोल से बचने के लिए कुछ वाहन चालक पूर्वी यमुना नहर से गुजर रहे हैं। वाहनों को रोकने के लिए टोलकर्मियों का पहरा बैठाया गया है। नहर की पटरी से गुजरने वाले वाहन चालकों को रोककर मुख्य मार्ग से भेजा जाता है। कुछ वाहन चालकों का कहना है कि उनसे जबरन टोल भी लिया गया है, जबकि वह टोल से गुजरे ही नहीं थे।
जिवाना गांव में सांसद डॉ सत्यपाल सिंह के गांव बासौली के मार्ग के पास टोल प्लाजा बनाया गया है। जिवाना टोल से बचने के लिए वाहन चालक बासौली गांव जाने वाले रास्ते से पूर्वी यमुना नहर से गुजरकर निकल रहे हैं। ऐसे में वाहनों को रोकने के लिए टोलकर्मियों का पहरा पूर्वी यमुना नहर जाने वाले रास्ते पर बैठा दिया गया है। नहर मार्ग की दोनों साइड में दिनभर छह-सात युवक कुर्सी डालकर बैठे नजर आ रहे हैं। कोई वाहन इस रास्ते पर आते ही युवक उसके पास पहुंच जाते हैं।
-------------------------
नहर से गुजरे, फिर भी वसूला गया टोल
बागपत। वाहन चालक शामली निवासी संदीप कुमार का कहना है कि वह पूर्वी यमुना नहर की पटरी से गुजरे थे, इसके बावजूद उनसे टोल लिया गया है। कुछ युवकों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया था।
-------------------------
तनाव का माहौल, सोशल मीडिया पर विरोध
बागपत। जिवाना टोल से बचकर पूर्वी यमुना नहर पटरी पर जाने वाले वाहनों को रोकने के प्रकरण की गूंज होने लगी है। सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल हो रही है। पोस्ट में कहा जा रहा है कि जबरन किसी को टोल से गुजारने का अधिकार नहीं है।
-------------------------
इनसेट
पुलिस भी करने लगी गश्त
बागपत। पूर्वी यमुना नहर की पटरी पर टोल शुरू होने के बाद पुलिस भी गश्त करती दिख रही है। रविवार को यहां पुलिसकर्मी गश्त करते नजर आए। आने जाने वाले वाहनों को भी रोककर पूछताछ और जांच की गई।
-------------------------
वर्जन :
टोल कंपनी के ठेकेदार दीपक बामनौली का दावा है कि किसी को जबरन नहीं रोका जा रहा है। कुछ खेत मालिकों ने जरूर शिकायत की है कि उनके गांव का रास्ता टूट जाएगा। टोलकर्मी किसी वाहन को नहीं रोक रहे हैं।
-------------------------