खेकड़ा (बागपत)। दिल्ली दंगे के बाद से पुलिस सोशल मीडिया पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। बृहस्पतिवार को एक युवक शाहनवाज अंसारी ने अपने ट्विटर हैंडल पर जनमानस में वैमनस्य, द्वेष और घृणा फैलाने वाली पोस्ट डाली। इस पर युवक के खिलाफ खेकड़ा कोतवाली में आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
खेकड़ा कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। युवक ने पोस्ट में बागपत की एक फर्जी पंचायत के कथित फैसले का जिक्र किया है। इस फैसले में पंचायत ने दो दलित बहनों को दुष्कर्म कर गांव में घुमाने का फरमान सुनाया गया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि ऐसी कोई भी पंचायत नहीं हुई है। यह पोस्ट जनमानस में वैमनस्य, द्वेष और घृणा फैलाने के लिए डाली गई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।