बड़ौली गांव में लो वोल्टेज से परेशान लोगों ने कोताना रोड स्थित एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर हंगामा किया और एक्सईएन का घेराव किया। बाद में एक्सईएन द्वारा आश्वासन दिये जाने पर ग्रामीण शांत हुये।
शुक्रवार को रालोद नेता सोमपाल के नेतृत्व में बड़ौली गांव के ग्रामीणों ने एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने एक्सईएन का घेराव भी किया। कहना था कि गांव में लो वोल्टेज आने से उनके बिजली के उपकरण नहीं चल रहे है और चारा न कटने के कारण पशु भूखे मर रहे है।
गांव की पट्टी चौधरान में 400 केवीए का ट्रांसफार्मर ओवरलोड है। कई बार मांग करने पर फरवरी 2016 में नये ट्रांसफार्मर की मंजूरी मिल गई थी लेकिन आज तक वह नहीं लगाया गया।
उन्हंने चेतावनी दी कि यदि ट्रांसफार्मर शीघ्र नहीं लगाया गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। इस पर एक्सईएन ने उन्हें आश्वासन दिया कि शीघ्र ट्रांसफार्मर लगवा देंगे और उनकी लो वोल्टेज की समस्या को भी दूर कराएंगे। घेराव करने वालों में जयपाल, सतवीर तोमर, मंगलू, रामपाल, महिपाल, सुरेंद्र, पुष्पेंद्र, बबलू, श्यामलाल, भोपाल, बिल्लू, गेंदालाल आदि उपस्थित रहे।
गोकशी के अरोपी न पकड़े जाने पर हंगामा
बड़ौत। एक सप्ताह पूर्व बड़ौत कोतवाली के सामने के मोहल्ले में गौकशी के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित छात्रों ने शुक्रवार को बिजरौल रोड पर हंगामा किया। बाद में उन्होंने कार्यालय पहुंचकर सीओ को ज्ञापन सौंपा।
छात्रों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उन पर रासुका लगाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। जनता वैदिक डिग्री कॉलेज के काफी संख्या में अंकुर चौधरी के नेतृत्व में बिजरौल रोड पर एकत्र हुए और हंगामा शुरू कर दिया। छात्र नेता अंकुर चौधरी का कहना था कि पुलिस प्रशासन की मिलीभगत से कई साल से नगर व आसपास के गांवों में खुलेआम गौकशी हो रही है।
अब छात्र व युवा इन घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेंगे। बाद में सभी ने सीओ सीपी सिंह को कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन साैंपा। इनमें वरुण चौहान, अंकित राठी, अंकुर चौधरी, वरुण डिप्टी, कपिल तोमर, आकाश, राहुल, सनी चौहान, अभिषेक, अमित तोमर, सूरज, निखिल शामिल थे।