बड़ौत। विद्युत वितरण खंड द्वितीय में सहायक लेखाकार द्वारा एक्सईएन के कक्ष में घुसकर धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। उधर, पीड़ित एक्सईएन ने एमडी को पत्र भेजकर स्थानांतरण की मांग की है।
एक्सईएन द्वितीय राजेश कुमार ने कुछ दिन पूर्व उपभोक्ताओं की लगातार शिकायत मिलने के बाद कार्यालय से अक्सर नदारद रहने वाले सहायक लेखाकर से जवाब मांगा था। जवाब न देने पर एक्सईएन ने पूरे प्रकरण की शिकायत एसई और एमडी से की थी। 21 अक्तूबर को मुख्य अभियंता वितरण मेरठ क्षेत्र मेरठ संजय आनंद जैन कार्यालय में निरीक्षण करने आए, लेकिन सहायक लेखाकार अचानक कार्यालय से नदारद हो गया था। एक्सईएन द्वितीय का आरोप था कि मुख्य अभियंता के जाने के बाद सहायक लेखाकार ने कक्ष में घुसकर अंजाम भुगत लेने की धमकी दी थी। यह मामला कार्यालय पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद भी है, लेकिन कोतवाली पुलिस तहरीर देने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं कर रही है। उन्होंने प्रकरण में कार्रवाई न होने से क्षुब्ध होकर शुक्रवार को एमडी को पत्र भेजकर स्थानांतरण की मांग की। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जांच चल रही है, जल्द ही जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।