बागपत। बिनौली और टीकरी सीएचसी में टेक्नीशियन की कमी है। जिससे वहां मरीजों को एक्सरे की सुविधा नहीं मिल रही है। मरीजों को एक्सरे कराने के लिए जिला अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ रही या फिर प्राइवेट सेंटरों पर जेब ढीली करनी पड़ रही है।
बिनौली सीएचसी पर लोगों को एक्सरे की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मशीन मंगवाई गई थी। दो महीने से अधिक समय से मशीन डिब्बे में पैक है। सीएचसी पर टेक्नीशियन की नियुक्ति न होने के कारण एक्सरे की सुविधा शुरू नहीं हो पाई है। दोनों सीएचसी पर मशीन होने के बावजूद मरीजों को एक्सरे कराने के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों को एक्सरे कराने के लिए जिला अस्पताल आना पड़ता है, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं। जिला अस्पताल न आने वाले मरीजों को प्राइवेट सेंटरों पर जेब ढीली करने के लिए विवश होना पड़ रहा है।
- सीएचसी पर दो महीने पहले एक्सरे मशीन आई थी, जिससे यहां सुविधा मिलने की आस जगी थी। दो महीने बीतने के बाद भी एक्सरे मशीन शुरु नहीं कराई गई है। लोगों को एक्सरे कराने के जिला अस्पताल जाना पड़ता है। - गंगाराम धामा, बिनौली
- सीएचसी पर एक्सरे की सुविधा शुरु न होने के कारण लोगों सुविधा नहीं मिल रही है। एक्सरे के लिए बागपत या फिर प्राइवेट सेंटर का सहारा लेना पड़ रहा है। जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है। - अरुण त्यागी, बरनावा
सीएचसी पर एक्सरे की मशीन है, मगर अभी तक टेक्नीशियन की नियुक्ति नहीं हुई है। जिसके कारण सीएचसी पर एक्सरे की सुविधा शुरु नहीं हो पाई है। अधिकारियों से टेक्नीशियन की नियुक्ति की मांग की गई है। - डॉ. अमित गुप्ता, सीएचसी अधीक्षक, बिनौली