बागपत। ब्लॉक समिति बागपत की बैठक में बृहस्पतिवार को विकास कार्यों पर मंथन किया गया। सदस्यों ने प्रस्ताव दिए तो वहां कई ने विकास कार्य नहीं कराए जाने पर नाराजगी जताई। बैठक में 2.50 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराने का प्रस्ताव पास किया जो जल्द शुरू होंगे।
बागपत ब्लॉक समिति की बैठक में कई सदस्यों ने विकास कार्यों में भेदभाव का आरोप लगया, जिसे लेकर नोकझोंक हुई। कई सदस्यों ने विकास कार्यों की गुणवत्ता सुधारने की मांग की। ब्लॉक प्रमुख सुनीता ने कहा कि सदस्य अपने वार्डों में विकास कार्य कराने के लिए प्रस्ताव उपलब्ध कराएं। जिनपर प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराए जाएंगे। नाला, नाली, खडंजा, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग रोड निर्माण तथा तालाबों की खोदाई आदि के लिए 2.50 करोड़ रुपये की लागत के प्रस्ताव भी आए। इन प्रस्तावों पर अब कार्य शुरू कराने की कार्रवाई की जाएगी।
जिला पंचायत सदस्य रविंद्र कुमार, बीडीओ केके पांडेय, एडीओ सुधीर कुमार तोमर, खेड़की गांव प्रधान आशीष शर्मा, अहैडा प्रधान हरकरण, चौहल्दा गांव के प्रधान प्रवीण कुमार आदि मौजूद रहे।