-डीएम को ज्ञापन सौंप बंदी के दिन दुकानें खोलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बड़ौत श्रमिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सोमवार को कलक्ट्रेट में पहुंचकर प्रदर्शन किया। साथ ही साप्ताहिक बंदी की मांग को लेेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा और बंदी के दौरान दुकान खोलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण कुमार, कोषाध्यक्ष सचिन कुमार, अमित व रवि कुमार ने बताया कि श्रम विभाग द्वारा बड़ौत में बुधवार को साप्ताहिक बंदी होती है। इस दिन भी दुकानदार दुकान खोलते हैं, ऐसे में श्रमिकों को छुट्टी नहीं दी जाती है। कई बार सहायक श्रमायुक्त व श्रम प्रवर्तन अधिकारी को शिकायत की गई, लेकिन फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने डीएम को ज्ञापन सौंपकर साप्ताहिक बंदी कराकर नियमों का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान रोहित, फरीद, राकेश वर्मा, सुशील, रवि, पवन रुहेला माैजूद रहे।