पूरा महादेव मेले की तैयारियों को लेकर बालैनी-पुरा मार्ग पर विद्युत लाइनों को ठीक करते कर्मचारी
बालैनी। पुरा महादेव मंदिर पर लगने वाले तीन दिवसीय फाल्गुनी मेले की तैयारियां तेजी से शुरू कर दी गई है। मंदिर में आने जाने वाले मार्गों पर बिजली की लाइन को ऊपर किया जा रहा है और मार्गों के किनारे लगे ट्रांसफार्मरों के पास पॉलीथिन व बैरिकेडिंग लगाई जा रही है। इसके अलावा सड़क की मरम्मत कराई जा रही है।
पुरामहादेव मंदिर में 25 फरवरी से तीन दिवसीय फाल्गुनी मेला शुरू होगा। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि पर झंडा पूजन कर जलाभिषेक शुरू किया जाएगा। मेला को सफल बनाने के लिए अधिकारी व मंदिर समिति के पदाधिकारी जुटे हुए है। मंदिर आने जाने वाले मार्गों का लगातार निरीक्षण कर शिवभक्तों की सुरक्षा व्यवस्था देखी जा रही है। मंदिर में जलाभिषेक करने आने वाले शिवभक्तों को कोई दिक्कत ना हो इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है।
मार्गों पर ऊर्जा निगम के कर्मचारी बिजली की लाइन को ऊपर करने में लग गए है, ताकि शिवभक्तों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। मार्गों के किनारे जो ट्रांसफार्मर रखे हुए उनके पास बैरिकेडिंग लगाई जा रही है, ताकि किसी भी शिवभक्त की कांवड़ ट्रांसफार्मर से छूने पर हादसा न हो जाए। कई स्थानों पर तो बिजली की लाइन को बदलने का कार्य शुरू हो गया है। इसके अलावा मंदिर में भी सफाई की जा रही है।
मुख्य पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा ने बताया कि मंदिर पर मेले की तैयारियां शुरू करा दी गई है। इसके लिए सफाई व अन्य व्यवस्थाएं कराई जा रही है। महाशिवरात्रि पर्व पर इस बार पांच लाख से अधिक शिवभक्तों के आने की उम्मीद है।