केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद सत्यपाल सिंह ने कहा अप्रैल माह में दिल्ली सहारनपुर नेशनल हाईवे की छह लेन के बनने के कार्य की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। सबसे पहले बागपत जनपद के भाग का चौड़ीकरण का कार्य होगा। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें जल्द ही निदान कराने का आश्वासन दिया।
सोमवार को खेकड़ा खंड विकास कार्यालय के नवनिर्मित मुख्य द्वार का उद्घाटन करने के लिए केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद सत्यपाल सिंह पहुंचे। उन्होंने मुख्य द्वार का फीता काटकर उद्घाटन किया।
इसके बाद उन्होंने खंड विकास कार्यालय के परिसर में मौजूद क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत सदस्यों, आंगनबाड़ी, आशा और नगर के छात्र- छात्राओं के बीच कहा कि आगामी दो माह में दिल्ली सहारनपुर नेशनल हाईवे के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।
सबसे पहले बागपत जनपद की सीमा में पड़ने वाले इस हाईवे के निर्माण का कार्य होगा। अपने आप में यह हाईवे एक अलग तरह का ही होगा। इसमें छह लेन के हाईवे के साथ ही दोनों तरफ बुग्गी साइकिल आदि के लिए साइड रोड भी बनेंगे।
उन्होंने सीएनजी ट्रेन चलवाने, भर्ती रैली आयोजित कराने, सात करोड़ की सीटी स्कैन मशीन जिला अस्पताल बागपत में लगवाने, एक डायलेसिस मशीन की मंजूरी कराने, सभी गांवों में सोलर लाइट की मंजूरी, बड़ौत में सीडीएचएस डिस्पेंसरी, डिजीटल लाइब्रेरी आदि की जानकारी भी दी।
उन्होंने बागपत में मेडिकल कॉलेज बनवाने के काम पर जुटे होने की जानकारी दी। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख जितेंद्र धामा ने सत्यपाल सिंह का आभार जताया। साथ ही उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वीरेंद्र प्रधान ने की। संचालन सत्यप्रकाश सत्ते ने किया।
कार्यक्रम में सांसद की धर्म पत्नी अलका देवी, एसडीएम आशीष कुमार, नगर पालिका की पूर्व चेयरमैन नीलम धामा, पूर्व प्रमुख देवेंद्र गुर्जर, सीडीपीओ बीना बजाज, सीएचसी अधीक्षक अरविंद मलिक, डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जगदीश कुमार, बीडीओ कृपाल सिंह, बीईओ राजलक्ष्मी पांडे, ग्राम प्रधान सांकरौद देवेंद्र धामा, नवोदय लोक चेतना कल्याण समिति के सचिव चौधरी देवेंद्र सिंह, ब्रहमपाल सिंह सभासद, डॉ. सुरेंद्र धामा, प्रमेंद्र धामा, देवेंद्र त्यागी, सतीश त्यागी, कई गांवों के प्रधान, बीडीसी सदस्य आदि शामिल रहे।