- स्टाफ नर्स और आयुष्मान मित्र के बीच हुई मारपीट, एकदूसरे को बाल पकड़ घसीटा
- पुलिस ने कराया समझौता, सीएमओ ने शुरू कराई कमेटी से जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को दो महिला कर्मियों में जमकर मारपीट हुई। दोनों ने एकदूसरे को बाल पकड़ घसीटा। हाथों पर धारदार हथियार से प्रहार भी किया। मामला पुलिस के पास पहुंचा तो समझौता करा दिया गया। उधर, मामले की जानकारी होने पर सीएमओ ने कमेटी गठित कर जांच शुरू कराई है।
जिला अस्पताल में तैनात एक स्टाफ नर्स को आवास मिला हुआ है, जिसमें वह अकेली रहती है। उसके साथ एक महिला आयुष्मान मित्र भी पिछले कई महीने से रहने लगी। बृहस्पतिवार को दोनों में विवाद हो गया। खूब मारपीट हुई। एकदूसरे को बाल पकड़ घसीटा। हाथों पर धारदार हथियार से प्रहार भी किया। यह मामला पुलिस के पास पहुंचा तो सीएमएस और अन्य डाक्टरों ने समझौता करा दिया। मगर, सीएमओ डा. दिनेश कुमार इसे मामले को गंभीरता से लेते हुए डा. दीपा सिंह, डा. राज सिंह समेत तीन डाक्टरों की कमेटी बनाकर जांच शुरू कराई। बृहस्पतिवार को डाक्टरों की टीम ने अपनी रिपोर्ट बनाई। इसमें दोनों महिला कर्मियों के बयान लिए। स्टाफ नर्स ने आरोप लगाया कि उसने परिवार आने के कारण आयुष्मान मित्र से अन्य जगह रहने के लिए कह दिया। इस कारण ही उसने मारपीट शुरू कर दी। उधर, आयुष्मान मित्र ने आरोप लगाया कि स्टाफ नर्स ने यह कहते हुए उसके साथ मारपीट कर दी कि उसने उसके दोस्त को ऐसी बात बताई है, जो उसे नहीं बतानी चाहिए थी। डाक्टरों की टीम की रिपोर्ट के आधार पर सीएमओ ने आगे कार्रवाई करने की बात कही है।
जिला अस्पताल में दो महिला कर्मियों के बीच मारपीट हो गई थी। दोनों आए दिन विवाद करती रहती है। इसलिए उनकी जांच कराई गई है। अभी टीम की रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - डा. दिनेश कुमार, सीएमओ