पिचोकरा मार्ग पांच घंटे रहा अवरुद्ध, राहगीरों को उठानी पड़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिनौली। गन्ने लाद कर किनौनी शुगर मिल जा रहे एक ट्रक की बिनौली में बॉडी टूट गई। इससे ट्रक में लदा सारा गन्ना सड़क पर फैल गया। इसमें एक टायर पंक्चर का खोखा भी क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क पर गन्ना पड़ा होने से पिचोकरा मार्ग भी पांच घंटे अवरुद्ध रहा। पुलिस ने सड़क से गन्ने को हटवाकर आवागमन सुचारु कराया।
रंछाड गांव स्थित किनौनी शुगर मिल का डी गन्ना क्रय केंद्र है। बृहस्पतिवार को चालक खिवाई निवासी गफ्फार ट्रक में गन्ना लादकर किनौनी शुगर मिल के लिए चला था। बिनौली गांव में अचानक उसके ट्रक की बॉडी टूट गई और सारा गन्ना सड़क पर फैल गया। कुछ गन्ना पिचोकरा निवासी यासीन के टायर पंक्चर के खोखे पर भी गिर गया। इससे खोखा क्षतिग्रस्त रहा। यासीन उस वक्त खोखे पर नहीं था। सड़क पर गन्ना फैल जाने से पिचोकरा मार्ग अवरुद्ध हो गया। इससे राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने सड़क से गन्ने को हटवाकर आवागमन सुचारु कराया।