बागपत के बड़ौत में गंभीर रूप से बीमार महिला सीएचसी पर प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही 108 एंबुलेंस के लिए साढ़े तीन घंटो तक तड़पती रही। एंबुलेंस न आने पर परिजन उसे बस में ही जिला अस्पताल ले गए।
रमाला गांव निवासी रेखा पत्नी यशपाल कई दिन से बीमार है। शुक्रवार को वह बड़ौत सीएचसी पर पहुंची तो चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद खून की कमी और गंभीर हालत देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल ले जाने के लिए महिला के परिजनों ने 108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन वह नहीं आई। साढ़े तीन घंटो तक महिला सीएचसी पर तड़पती रही।
बाद में उसके परिजन उसे बस में जिला अस्पताल ले गए। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक मुकेश उपाध्याय का कहना था कि महिला की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया था, लेकिन 108 एंबुलेंस गाड़ी नहीं पहुंची। इस संबंध में वह स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिख रहे है।