दोघट। दाहा बस स्टैंड पर एक दुकान में लगी इंडिया नंबर वन एटीएम से तकनीकी खराबी के कारण ढाई लाख की जगह साढ़े छह लाख रुपये की निकासी हो गई। पौने चार लाख रुपये अधिक निकल गए। कंपनी के एरिया मैनेजर अनुज कुमार और गौरव कुमार ने रिकवरी के लिए तहरीर दी है।
दाहा बस स्टैंड पर उपेंद्र की दुकान में इंडिया नंबर वन कंपनी की एटीएम लगा है। कंपनी के एरिया मैनेजर अनुज कुमार और गौरव कुमार ने बताया दाहा में उनके एटीएम में 17 जून की शाम रकम रखी गई थी। उपभोक्ताओं ने शाम से ही रकम निकालनी शुरू कर दी थी, लेकिन कंपनी को इसकी जानकारी 19 जून की सुबह हुई। इस बीच 60 उपभोक्ताओं ने रकम निकाली है। इसमें दो लाख 59 हजार 400 रुपये की निकासी होनी थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण छह लाख 48 हजार 500 रुपये निकल गए। इससे कंपनी के तीन लाख 89 हजार रुपये अधिक चले गए। इनकी रिकवरी कराने के लिए तहरीर दी। बताया कि एटीएम में 500 रुपये के नोट रखे थे। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की तहरीर आई है। जांच कर कार्रवाई कराई जाएगी।