संवाद न्यूज एजेंसी
बालैनी। ग्राम बालैनी और हरियाखेड़ा के जंगल में रविवार रात्रि आठ विद्युत खंभों से तार चोरी कर लिया गया। जिससे चार गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इससे ग्रामीणों को परेशानी बढ़ गई।
क्षेत्र में विद्युत खंभों से तार चोरी करने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। जिसमें रविवार रात्रि मेरठ जनपद के रघुनाथपुर बिजलीघर से बालैनी क्षेत्र में आने वाले विद्युत लाइन को चोरों ने निशाना बनाया। रात्रि में चोरों ने बालैनी व हरियाखेड़ा गांव के जंगल में आठ विद्युत खंभों से बिजली के तार चोरी कर लिए। जिसके बाद आपूर्ति ठप हो गई। सुबह होने पर ग्रामीणों को तार चोरी की जानकारी हुई। जिसका पता चलने के बाद विद्युत निगम के जेई संजय कुमार ने बालैनी थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। वहीं, विद्युत लाइन चोरी होने से हरियाखेड़ा, बालैनी, पुरा, नवादा गांव में रहने वाले दस हजार से अधिक ग्रामीणों के सामने पेयजल, पशुओं के लिए चारे आदि की परेशानी बन गई। वहीं, इंस्पेक्टर विरजाराम का कहना है कि खंभों से तार चोरी करने वाले चोरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।