आशा कार्यकर्ताओं का कार्य बहिष्कार जारी, जिला अस्प्ताल पर किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। आशा व आशा संगीनियों ने शनिवार को भी कार्य बहिष्कार कर जिला अस्पताल पर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती तब तक कार्य नहीं किया जाएगा।
आशा संगिनी स्वास्थ्य संघ की सदस्य बीना चौहान ने बताया कि वह राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, आशा कार्यकर्ता का 18 हजार रुपये व संगिनी का 26 हजार रुपये मानदेय करने की मांग लंबे समय से चल रही हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी, दुर्घटना बीमा दस लाख रुपये करने, आयुष्मान कार्ड बनवाने, मोबाइल फोन देने की मांग कर रहे हैं। सभी कर्मियों का वेतन बढ़ाया जा रहा है, लेकिन उनका वेतन बढ़ाने की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी तब कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। इस मौके पर करुणा, बबीता, मुनेश, प्रीति, कुसुमलता, मालती शर्मा आदि मौजूद रहे। सीएमओ डॉ. तीरथलाल ने कहा कि आशाओं की मांगों के बारे में शासन को अवगत कराया गया है। वहां से उसपर फैसला लिया जाना है।
सीएचसी अधीक्षक ने आशा कार्यकर्ताओं को दिया समर्थन
अमीनगर सराय। डौला सीएचसी में शनिवार को दूसरे दिन आशा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। ममता शर्मा ने कहा कि वह काफी समय से संघर्ष कर रही हैं और स्वास्थ्य योजनाओं के साथ-साथ सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इसके बाद भी उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है। डौला सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुधीर शर्मा ने कहा कि वह उनके साथ खड़े हैं और उनके आंदोलन में सहयोग किया जाएगा। इस दौरान ललिता, पवित्रा, जायदा, मीनाक्षी, प्रवीता, सुदेश आदि मौजूद रहीं।