किसानों ने रमाला मिल के प्रधान प्रबंधक डॉक्टर आरबी राम को ज्ञापन सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला (बागपत)। किसानों ने रमाला मिल के पूर्व उपसभापति रविंद्र मुखिया के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को रमाला सहकारी चीनी मिल में बैठक कर मिल के प्रधान प्रबंधक डॉक्टर आरबी राम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रबंधक को दिए ज्ञापन में मिल में बाहरी गन्ना न लेने की मांग की।
पूर्व उपसभापति रविन्द्र मुखिया ने कहा कि गन्ना आयुक्त ने पत्र के माध्यम से बागपत शुगर मिल का कुछ गन्ना रमाला मिल में भिजवाने के लिए कहा है। उन्होंने बताया कि रमाला चीनी मिल की पूरे सीजन में गन्ने की पेराई क्षमता 90 लाख क्विंटल की है। बाहर से गन्ना आने पर रमाला मिल के किसानों को परेशानी होगी। रमाला मिल के कुछ किसानों का गन्ना पहले ही भैंसाना, तितावी व खतौली चीनी मिल को दिया जा रहा है। इसके बावजूद बागपत मिल का गन्ना रमाला मिल को देने पर क्षेत्र के गन्ने की समय पर तौल नहीं हो पाएगी। उन्होंने कहा कि रमाला चीनी मिल में बाहरी गन्ने की तौल मिल में नहीं होने दी जाएगी। बैठक में नरेश डारेक्टर, सुमित एलम, राहुल, सहदेव, वेदपाल सूजती, सत्यपाल बुढपूर, ओमपाल, सोहनवीर, अशोक आदि मौजूद रहे।
25 अक्तूबर से पेराई सत्र शुरु करने की तैयारी
रमाला। सहकारी चीनी मिल रमाला के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को पूजन कर बॉयलर में अग्नि प्रज्वलित की। मिल में 25 अक्तूबर से गन्ना पेराई सत्र शुरू किया जाएगा। पंडित बृजकिशोर तिवारी व रत्नेश तिवारी ने पूजन कराया। मिल के प्रधान प्रबंधक डॉक्टर आरबी राम ने बताया कि पेराई सत्र शुरू कराने के लिए मशीनों को तैयार किया जा रहा है। चीनी मिल के क्रय केंद्रों पर कांटे स्थापित कराए जा रहे है। प्लांट, मशीनरी एवं उपकरणों का ट्रायल शुरू कर दिया है। मिल के ट्रायल पूरा होते ही इंडेंट जारी कर दिया जाएगा। इस मौके पर मुख्य गन्ना अधिकारी अजय यादव, जीके पोदार, एसके झा, डीके द्विवेदी, सुमित पंवार, अभिषेक तोमर, संजय सिंह मौजूद रहे।