बागपत। माध्यमिक विद्यालयों का एक जुलाई से संचालन शुरू करने की योजना तैयार की जा रही है। इसके लिए शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से विद्यालय खोलने के लिए संपर्क कर उनकी राय जानने के निर्देश दिए हैं।
कोरोना महामारी फैलने के बाद से विद्यालय बंद चल रहे हैं। छात्रों को ऑनलाइन शिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए विद्यालय से लेकर जिला स्तर तक व्हाटसएप ग्रु्प बनाए गए हैं। शिक्षण की मॉनिटिरिंग के लिए नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं और शिक्षण में आने वाली समस्याओं का समाधान करने के लिए विषय विशेषज्ञ भी तैनात किए गए हैं। इसके बावजूद ऑनलाइन शिक्षण परवान नहीं चढ़ रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वेश कुमार ने बताया कि एक जुलाई से विद्यालयों का संचालन शुरू करने की कार्ययोजना बनाई जा रही है।
इसके सभी राजकीय, सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों को अभिभावकों से मिलकर विद्यालय खोलने के लिए उनके सहमति पत्र लेने के निर्देश दिए हैं। शिक्षक-अभिभावकों से संपर्क कर विद्यालयों का संचालन शुरू कराने के लिए उनकी राय लेंगे। अभिभावकों की राय और उनकी सहमति के बाद ही विद्यालयों का संचालन तथा बच्चों को पठन-पाठन कराया जाएगा। पूर्व में ऑनलाइन शिक्षण समीक्षा के दौरान बुधवार को भी सभी प्रधानाचार्यों को अभिभावकों की राय लेने के निर्देश दिए जा चुके हैं।