बिनौली। रंछाड़ गांव में पत्नी को गोली मारकर घायल करने के आरोपी पति ने पुलिस के समक्ष बताया कि उसकी पत्नी उस पर शक करती थी, इसी कारण उसने पत्नी की हत्या करने की कोशिश की।
रंछाड़ गांव में प्रमोद पुत्र स्व. पीतम सिंह ने अपनी पत्नी अमृता को उस समय गोली मारकर घायल कर दिया था, जब वह शनिवार की सुबह हीटर पर चाय बना रही थी। पुलिस ने गंभीर हालत में उसे सीएचसी में भर्ती कराकर आरोपी पति प्रमोद को तमंचे सहित गिरफ्तार किया। घायल के भाई संजीव पुत्र इंद्रपाल सिंह निवासी टीकरी ने अपने बहनोई प्रमोद को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कराई। इंस्पेक्टर रवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी की पत्नी अपने पति के किसी महिला से अनैतिक संबंध होने का शक करती थी और आए दिन उसके साथ लड़ती झगड़ती रहती थी, इसी कारण उसने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी प्रमोद को कोर्ट में पेश किया।