थानाभवन। दो कोरोना पॉजिटिव केस सामने आने के बाद सील किए गए भैंसानी इस्लामपुर गांव की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी जिला प्रशासन द्वारा चुने गए 27 लोग करेंगे। प्रशासन ने गांव में राशन, सब्जी, दूध आदि की व्यवस्थाओं के लिए 27 लोगों को पास जारी कर दिए हैं।
जिला प्रशासन ने दो कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के कारण भैंसानी इस्लामपुर गांव को चार दिन पहले सील कर दिया था। इसके बाद से गांव की सभी सीमाएं सील हैं। ऐसे में ग्रामीणों द्वारा लगातार मांग की जा रही थी कि उनके घरों में राशन, पानी की सुविधा की जाए। इस मामले में ग्राम पंचायत की ओर से 27 लोगों के नाम का प्रस्ताव बनाकर प्रशासन को भेजा गया था। प्रशासन ने 27 लोगों के पास जारी करते हुए उनकी जिम्मेदारी तय कर दी है। इनमें फल सब्जी की सप्लाई के लिए छह, दूध सप्लाई के लिए छह, राशन सप्लाई के लिए 12, लोगों को प्रचार-प्रसार के माध्यम से जागरूक करने के लिए दो और जन सेवा केंद्र सुविधा के लिए एक व्यक्ति चुना गया है। सीओ अमित सक्सेना ने बताया कि यह सभी लोग सोमवार से अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। इन्हें पास जारी कर दिए गए हैं।