बागपत। मानवाधिकार आयोग ने बिनौली सीएचसी के डॉक्टर और अन्य कर्मचारियों के अनुपस्थित रहने पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई की रिपोर्ट तलब की है। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप सा मचा हुआ है। सीएमओ डॉ. आरके मिश्रा ने रिपोर्ट तलब किए जाने की पुष्टि की है।
बिनौली सीएचसी में वर्ष 2014 में डॉक्टर और अन्य कर्मचारी अनुपस्थित रहने की शिकायत मानवाधिकार आयोग में की गई थी। उसी दौरान जांच करने के आदेश सीएमओ को दिए थे, लेकिन रिपोर्ट नहीं दी गई थी। इस संबंध में मानवाधिकार ने दोबारा से सीएमओ डॉ. रविंद्र कुमार मिश्रा से रिपोर्ट मांगी है। पूछा गया है कि बिनौली सीएचसी के अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई की गई थी। आयोग के इस आदेश से स्वास्थ्य विभाग और बिनौली सीएचसी में हड़कंप मच गया।
सीएमओ ने बताया कि उस दौरान डॉक्टर कंप्यूटर रूम में थे और एक डॉक्टर ट्रेनिंग में गए हुए थे। अन्य कर्मचारी सीएचसी में ही तैनात थे इसकी रिपोर्ट पूर्व में आयोग को भिजवा दी गई थी। दोबारा से इसी जांच रिपोर्ट को मांगा गया है। आदेशों का पालन करते हुए जांच रिपोर्ट को भिजवा दिया गया है। उस वक्ता कोई भी कर्मचारी अनुपस्थित नहीं था। उन्हाेंने बताया कि यह मामला कोर्ट में भी लंबित है।