- शिक्षक संघ के संगठन मंत्री जितेंद्र पर कार्यालय में उपस्थित होकर प्रतिकूल प्रविष्टि निरस्त करने के लिए दबाव बनाने का लगाया आरोप
- बीएसए ने सिफारिश कराने वाले संघ के जिला उपाध्यक्ष नीरज व उसके साथ आने वाले जितेंद्र को नोटिस भेजकर मांगा स्पष्टीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। नेताओं से सिफारिश कराना गौरीपुर के शिक्षक एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष नीरज उज्ज्वल को भारी पड़ गया। वहीं उसके साथ आने वाले प्राथमिक शिक्षक संघ के संगठन मंत्री जितेंद्र तोमर के लिए भी परेशानी हो गई। बीएसए ने दोनों को नोटिस जारी कर दिया और उनको विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी।
गौरीपुर गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष नीरज उज्ज्वल को शैक्षिक कार्यों में रुचि नहीं लेने पर डीएम के आदेश पर प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई थी। बीएसए ने शिक्षक नीरज उज्ज्वल पर प्रतिकूल प्रविष्टि निरस्त कराने के लिए कार्यालय में पहुंचकर दबाव बनाने और निरस्त नहीं होने पर शिक्षक नेताओं से फोन कराने का आरोप लगाते हुए नोटिस जारी किया।
वहीं कंडेरा गांव के प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक एवं संघ के संगठन मंत्री जितेंद्र तोमर को कार्यालय में पहुंचकर नीरज की प्रतिकूल प्रविष्टि निरस्त करने का दबाव बनाने और कार्यालय में राजनीति करने का आरोप लगाते हुए नोटिस जारी किया। बीएसए ने दोनों शिक्षकों को नोटिस जारी कर जवाब नहीं देने पर विभागीय कार्रवाई करने की चेतावनी दी। इससे डीएम व सीडीओ को भी अवगत करा दिया।