बड़ौत। कोरोना वैक्सीन के प्रति जागरूकता बढ़ते ही केन्द्रों पर भीड़ पहुंचनी शुरू हो गई। पहले वैक्सीन लगवाने की होड़ में शुक्रवार को बड़ौत और खेकड़ा वैक्सीनेशन केन्द्रों पर हंगामे हुए और कई लोगों में धक्कामुक्की ही नहीं बल्कि लात घूंसे भी चले। जनता इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग की अव्यवस्था और केन्द्रों पर कम वैक्सीन पहुंचना कारण बता रही है।
केस नं. एक, नगर पालिका परिषद बड़ौत में कई दिनों से चल रहे वैक्सीनेशन कैंप में शुक्रवार को काफी भीड़ पहुंच गई। पहले वैक्सीन लगवाने को लेकर मारामारी हो गई। लोगों में जमकर धक्का मुक्की हुई। नौबत मारपीट तक आ गई। आलम यह हुआ कि कोविड नियम व संक्रमण फैलने के खतरे तक को लोगों ने नजरंदाज कर दिया। पालिका कर्मचारियों ने भी व्यवस्था को बनाने का काफी प्रयास किया, लेकिन घंटों तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
केस नं. दो, बड़ौत स्थिति टीचर्स कालोनी में किड्जी प्ले स्कूल में आयोजित एक दिवसीय विशेष कैंप में दिन निकलते ही लोगों की भीड़ वैक्सीन लगवाने पहुंच गई। पहले वैक्सीन लगवाने को लेकर युवा आपस में भिड़ गए। हंगामा होने की सूचना पर पुलिस पहुंच गई।
केस नं. तीन, खेकड़ा नगर स्थित पीएचसी पर पहले वैक्सीन लगवाने के लिए युवकों के दो गुटों के बीच जमकर लात घुसे चले। इससे वहां अफरा तफरी मच गई। मारपीट में दो युवक घायल हो गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों गुट के युवक बिना वैक्सीन लगवाए वहां से निकल गए।
- वैक्सीन की उपलब्धता कम मात्रा में हो रही है, जबकि आवेदन बहुत अधिक हैं। फिर भी व्यवस्था बनाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। - डॉ विजय कुमार, सीएचसी अधीक्षक, बड़ौत।