बड़ौत। शासन के निर्देशों पर शुक्रवार से जनपद के 20 गेहूं क्रय केन्द्र शुरू हो गए। पहले दिन कोई भी किसान गेहूं लेकर क्रय केन्द्र पर नहीं पहुंचा। पहले दिन 39 किसानों ने पंजीकरण कराया है। शासन ने किसानों को राहत देने के लिए इस बार टोकन व्यवस्था को लागू किया है। किसान बिना टोकन के गेहूं नहीं बेच सकेंगे।
जनपद में गेहूं खरीद के लिए 20 क्रय केंद्र बनाए गए है। खाद्य विभाग के छह, पीसीएफ के 13 और एफसीआई का एक केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर शुक्रवार से खरीद शुरू कर दी गई है। 15 जून तक गेहूं खरीदा जाएगा। एसएमआई अर्चना चाहल ने बताया कि पहले दिन कोई किसान केंद्र पर गेहूं बेचने के लिए नहीं आया। 39 किसानों ने पंजीकरण कराया है। एसएमआई ने बताया कि इस बार सरकार ने किसानों की सुविधाओं देने के लिए टोकन प्रक्रिया शुरू की है। किसान आनलाइन पंजीकरण कराने के बाद जारी टोकन नंबर से ही किसान अपना गेहूं क्रय केंद्र पर बेच सकेंगे। सरकारी गेहूं खरीद ई-पॉश मशीन के माध्यम से होगी।
40 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ा भाव
सरकार ने इस बार 40 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी गेहूं के भाव में की है। इस बार किसान 2015 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से अपना गेहूं बेच सकेंगे। गत वर्ष 1975 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं का दाम तय किया गया था।