बागपत। जिले के विभिन्न स्कूलों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों ने बृहस्पतिवार को सम्मान समारोह आयोजित किए और अपने स्कूल के मेधावी छात्र छात्राओं को मेडल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर लड्डू का वितरण कर खुशी मनाई। सेंट एंजेल्स पब्लिक स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह में सीबीएसई 12वीं कक्षा में कॉमर्स वर्ग में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र हर्ष गर्ग को सम्मानित किया। इसमें स्कूल के प्रबंधक अजय गोयल ने बताया स्कूल के छात्र-छात्राओं ने लगातार तीसरी बार जिले टॉप कर रिकार्ड कायम किया। बृहस्पतिवार को स्कूल में सम्मान समारोह का आयोजन किया। इसमें 12वीं की परीक्षा में कॉमर्स वर्ग के टॉपर हर्ष गर्ग को ट्राफी व मेडल देकर सम्मानित किया। हर्ष गर्ग ने बताया कि शिक्षकों ने परीक्षा पैटर्न के आधार पर शिक्षण कराया और स्कूल में उसी आधार पर प्री-बोर्ड की परीक्षाएं कराई। इस आधार पर उसने अच्छे अंक प्राप्त किए हैं। इसमें बबलेश कुमार, पंकज शर्मा, गौरव वशिष्ठ, बबीता नैन, ज्योति मान आदि रही।
रेजोनेन्स पब्लिक स्कूल बड़ौत में आयोजित सम्मान समारोह में स्कूल के प्रबंधक प्रवीण कुमार व प्रधानाचार्य विक्रम कौशिक ने मां सरस्वती के चित्र के समुख दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रबंधक प्रवीण कुमार ने बताया 12वीं के परीक्षाफल में स्कूल के हर्ष गोस्वामी 97 प्रतिशत, पलक शर्मा 96, मोहित 95, आयुषी चौधरी 94, शिवम राठी 93 के अलावा कई छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। वहीं 10वीं में आर्यन तोमर 94, ताशु व धमेंद्र 83, अंकुश 82, सत्यम राठी ने 81 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इस दौरान विकास कुमार, सुबोध शर्मा, अनुज तोमर, भावेंद्र सिंह, शालिनी, स्वाति आदि मौजूद रहे।
आयुषी का स्कूल में रहा प्रथम स्थान
बागपत। लक्ष्य पब्लिक स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह में स्कूल की छात्रा आयुषी ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। बृहस्पतिवार को स्कूल में सम्मान समारोह का आयोजन कर मेधावी छात्रा को सम्मानित किया। स्कूल के प्रबंधक अंकुर भाटी, बीएस शर्मा, बीके शर्मा, रविंद्र भाटी तथा प्रधानाचार्य डॉ. शांताजीत बाग ने टॉपर व अन्य मेधावियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। इसमें प्रदीप सिंह, हिमांशु, अवधेश, शिल्पा, गीता, राहुल, राहुल, अंजली, मोहित, सुमित , विकास, ज्योति आदि मौजूद रही।
चित्रांशी रही विद्यालय की टॉपर
छपरौली। विश्व भारती विद्यापीठ के प्रधानाचार्य डॉ. देववृत्त शास्त्री ने बताया कि दसवीं की परीक्षा में स्कूल की चित्रांशी ने 95.3 प्रतिशत, तनु बालियान ने 94 तथा आयुषी ने 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। बृहस्पतिवार को तीनों मेधावी छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसमें रवि कुमार, सद्दाम हुसैन, उपेंद्र कुमार मान, बरखा जैन मौजूद रही।
सराय की खुशी जैन ने लहराया परचम
अमीनगर सराय। दसवीं की परीक्षा में कस्बा अमीनगर की खुशी जैन ने 94.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर परचम लहराया है। इसके अलावा कस्बे की ही श्रेया ने 91.2 प्रतिशत, स्नेहा पुत्री ने 90.6 प्रतिशत, तनु पाराशर ने 87 प्रतिशत अंक प्राप्त कर कस्बे का मान बढ़ाया है। ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष अजय सोती ने बताया कि कस्बे में शीघ्र ही सम्मान समारोह का आयोजन कर मेधावियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उधर, हिसावदा के देव शर्मा 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
जिला टॉपर को ग्राम प्रधान ने किया सम्मानित
रमाला। बुधवार को घोषित सीबीएसई 10वीं कक्षा के हाईस्कूल के परीक्षाफल में जिवाना गांव की अर्पिता तोमर ने 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्कूल और गांव का नाम रोशन किया है। बृहस्पतिवार को ग्राम प्रधान कांती देवी ने टॉपर को आशीर्वाद देकर सम्मानित किया।
छात्रा को शीघ्र किया जाएगा सम्मानित
अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे की छात्रा मनस्वी पुत्री आमोद कुमार ने सीबीएसई 10वीं कक्षा में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर कस्बे का नाम रोशन किया है। समाजसेवी मुकेश रुहेला, विजय मानव ने बताया कि छात्रा ने कस्बे का नाम रोशन किया। छात्रा को शीघ्र ही सम्मानित किया जाएगा।
मेधावियों ने लहराया परचम, सम्मानित किया
दोघट। सिल्वर वैली, बामनौली और दोघट के सनबीम पब्लिक स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह में सिल्वर वैली के प्रधानाचार्य देशपाल सिंह ने बताया कि सीबीएसई 10वीं कक्षा की परीक्षा में स्कूल का परीक्षाफल शत प्रतिशत रहा। छात्रा वेदांशी, विदुषी, वंशिका, छवि, केशव, शांतनु, अभिषेक आदि ने अच्छे अंक प्राप्त किए। उधर, सनबीम पब्लिक स्कूल दोघट के प्रबंधक संजीव पंवार ने बताया कि स्कूल की छात्रा रिया पंवार ने 95.5 प्रतिशत, दृष्टि दांगी 92 प्रतिशत, शुभम पंवार 87 प्रतिशत, बुलंद प्रतिभा ने 85.4 तथा आदर्श कमल ने 80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया है। बृहस्पतिवार को प्रधानाचार्य दीपेश जैन ने मेधावियों को मेडल व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
भड़ल के देव स्कूल का रिजल्ट रहा शत-प्रतिशत
दाहा। देव पब्लिक स्कूल, भड़ल के डायरेक्टर राजपाल सिंह राणा व प्रबंधक राजीव राणा ने बताया कि स्कूल का दसवीं का रिजल्ट शत प्रतिशत रहा। इसमें विशाल छिल्लर ने 91 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा योगिता राणा व सार्थक राणा ने 90.6 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा और हर्षवर्धन ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।