खेकड़ा मे काठा मार्ग पर हुआ जलभराव
- फोटो : KAHKRA
खेकड़ा। कस्बे में गंदे पानी निकासी की व्यवस्था न होने से काठा मार्ग पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप जलभराव बना हुआ है। इसके चलते स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने डीएम से समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
नगर में काठा मार्ग से रामलीला मैदान, विद्युत स्टेशन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और शांतिवन श्मशान घाट जुड़े हुए हैं। वहीं, बागपत, बड़ौत और शामली जाने के लिए इस मार्ग से करीब छह किलोमीटर का सफर कम हो जाता है। आलम यह है कि जलभराव से यह मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। इसमें गड्ढे बन गए हैं। नगरवासियों को जलभराव से भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। नगरवासी पवन, राजेश, महेंद्र, प्रमोद, सलीम, इस्लाम, कल्लू खान, वीरेंद्र, जयपाल आदि का आरोप है कि तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में कई बार शिकायत कर चुके हैं। हालांकि अभी तक समाधान नहीं कराया गया। उन्होंने उपजिलाधिकारी से समस्या का समाधान कराने की मांग की है।