दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जलभराव से वाहन चालकों को परेशान हुई
रमाला क्षेत्र में बने रेलवे अंडरपासों में जलभराव होने से कई गांवों का संपर्क कटा
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सावन के माह में लगातार बारिश हो रही है। मंगलवार की सुबह से ही कई बार रुक-रुककर बारिश होती रही। इससे गर्मी से तो राहत मिली, लेकिन जलभराव की वजह से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जलभराव से वाहन चालकों को परेशान हुई। ईदगाह कॉलोनी में मकान की दीवार गिर गई। रमाला क्षेत्र में बने रेलवे अंडरपासों में जलभराव होने से कई गांवों का संपर्क कट गया।
बारिश में ईदगाह कॉलोनी निवासी मांगेराम के घर की दीवार भरभराकर गिर गई। गनीमत रही किसी को चोट नहीं आई। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। उसने बताया कि पीएम आवास योजना के लिए पांच बार आवेदन किया है। मगर, आज तक मकान स्वीकृत नहीं हुआ। इसके अलावा सिसाना गांव में बुजुर्ग महिला राजवीरी का छप्पर गिर गया। रमाला क्षेत्र में छह रेलवे अंडरपास बनाए हैं। सभी पर रेलवे इंजीनियरों ने बरसाती पानी रोकने को न तो टीनशेड बनवाए और न पानी को जमीन में डालने को पाताल तोड़ बोरिंग ही कराए। मंगलवार को हुई बरसात से जिवानी, जिवाना, असारा, बुढ़पुर, अंडरपास के नीचे तीन से पांच फुट तक पानी भर गया। पानी से गुजरने पर दुपहिया व चौपहिया वाहन बंद हो गए। लोगों को दूसरी ओर जाने को जान जोखिम में डालकर लाइन पार करनी पड़ रही है। अंडरपास में पानी भर जाने से असारा, बुढ़पुर, जिवानी, जिवाना, कडेरा, अशरफाबाद थल व आसपास के गांवों का संपर्क टूट गया। क्षेत्र के ग्रामीण नरेंद्र सिंह, मनोज, नसीम, जमील, सुभाष, रोहन, तिलक सिंह, अजय, गुलाब, त्रिवेंद्र ने डीएम से समस्या का स्थाई समाधान कराने की मांग की है।
बरसात से लूंब गांव की गलियां जलमग्न
छपरौली। क्षेत्र के लूंब गांव तालाब के गंदे पानी की निकासी ना होने के कारण गलियां जलमग्न हो गई। मंगलवार को ग्रामीणों ने गलियों में जलभराव को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस समस्या से छुटकारा पाने की प्रशासन से मांग की। इस मौके पर कृष्ण कुमार, संजीव, उपेन्द्र सिंह, सुंदर, विनोद, सुभाष, पुष्पेंद्र, कालू, संदीप, राजीव, सुभाष, गुल्लू ,मदन, प्रेम, भोपाल, बारू, नीटू, रीतू, संगीता, बबीता, रूबी, शालू, ललिता आदि मौजूद रहे। इस बारे में जब ग्राम प्रधान बहादुर सिंह से ने बताया कि अभी बजट नहीं आया है। बजट आने के बाद तालाब से जल निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी।