खेकड़ा। लोहे के सरिये से लदे ट्रक लूट के मामले में वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश सोनू उर्फ निजामुद्दीन को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सीओ युवराज सिंह ने बताया कि एक अगस्त 2021 को नैथला मोड़ से लोहे के सरिया से लदा ट्रक लूटा गया था। बागपत कोतवाली पुलिस ने तभी ट्रक बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। दो आरोपी तभी से फरार चले आ रहे थे। इनमें से एक खेकड़ा की नई बस्ती निवासी सोनू उर्फ निजामुद्दीन पर 25 हजार रूपये का इनाम घोषित किया था। दूसरा आरोपी जुल्लू अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।
पांच नलकूपों का ताला तोड़कर सामान चोरी कर ले गए चोर
अग्रवाल मंडी टटीरी। जवाहरपुर मेवला गांव के जंगल में चोर पांच नलकूपों के ताले तोड़कर हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। सतीश कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात चोर उसके नलकूप का ताला तोड़कर करीब दस हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए। जयपाल सिंह ने बताया कि उनके नलकूप सहित तीन अन्य नलकूपों से भी चोर हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। चोरों ने दो अन्य नलकूपों पर भी चोरी का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो पाए।