बड़ौत। नगर के जनता वैदिक इंटर काॅलेज की प्रबंध समिति का चुनाव एक जून को कराया जाएगा। इसके लिए शिक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए 135 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। मतदान के लिए 24 बूथ बनाए गए हैं और छह टेबल पर मतगणना होगी।
नगर के जनता वैदिक इंटर कॉलेज में प्रबंध समिति का चुनाव दस साल बाद हो रहा है। चुनाव में अध्यक्ष पद पर वीरेंद्रपाल सिंह व देवेंद्र सिंह आमने-सामने हैं। चुनाव में 18 हजार से अधिक मतदाता मतदान करेंगे। एक बूथ पर तीन कर्मचारी मौजूद रहेंगे। मतदान सुबह सात बजे दोपहर तीन बजे तक होगा।
इसके बाद मतगणना शुरू की जाएगी। मतगणना के लिए छह टेबल लगाई गई है। एक टेबल पर चार कर्मचारी रहेंगे, ताकि मतगणना जल्द समाप्त कर चुनाव के परिणाम की घोषणा की जा सकें। चुनाव को शांतिपूर्ण कराने के लिए 135 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।
चुनाव अधिकारी सरोज कुमारी ने बताया कि मतदान में 24 बूथों पर 72 शिक्षक लगाए गए है और 33 शिक्षकों को रिजर्व में रखा गया है। मतगणना में छह टेबल पर 24 कर्मचारी लगाए गए है और छह शिक्षकों को रिजर्व में रखे गए है। मतदान के लिए बैरिकेडिंग की तैयारी पूरी कर ली गई है। वहीं एसपी सूरज कुमार राय ने मतदान केंद्र का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को दिशा-निर्देश दिए। केंद्र पर तीन स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।