- मेडिकल स्टोरो पर विटामिन सी की गोलियों का स्टॉक खत्म
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। विटामिन सी का सेवन करने से रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ती है। नगर में दवाइयों की दुकानों पर विटामिन सी की गोलियों का स्टॉक खत्म है। विटामिन सी की पूर्ति के लिए अब बाजारों में खट्टे फलों संतरा और नींबू की मांग बढ़ी है।
कोरोना वायरस का असर कम करने के लिए चिकित्सक रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए विटामिन सी का अधिक से अधिक सेवन करने की सलाह दे रहे है। इस कारण विटामिन सी की गोलियों की डिमांड बढ़ गई है। नगर की हनुमंत मेडिकल एजेंसी व कृतिका मेडिकल स्टोर पर विटामिन सी की गोलियों का स्टॉक खत्म हो गया है। लोग गोलियों की डिमांड कर रहे है, मगर स्टॉक न होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है। बाजारों में विटामिन सी से प्रचुर मात्रा के खट्टे फलों की डिमांड भी बढ़ी है। बाजारों में अधिकतर लोग संतरा और नींबू की डिमांड कर रहे है। सीएचसी अधीक्षक डाक्टर विभाष राजपूत का कहना है कि विटामिन सी का सेवन करने से शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
विटामिन सी के फायदे
विटामिन सी शरीर के छोटे-छोटे सेल को एकजुट रखता है। रक्त वाहिकाओं को मजबूत बनाता है। हड्डियों को जोड़ने वाला कोलाजेन पदार्थ, रक्त वाहिकाएं का निर्माण करता है। कोलेस्ट्रोल का नियंत्रण करता है।
विटामिन सी के स्रोत -
आंवला, संतरा, अंगूर, टमाटर, नींबू, सेब, केला, मूली के पत्ते, बंदगोभी, चुकंदर, पालक, दूध, मुनक्का, पुदीना, कटहल, शलजम विटामिन सी के मुख्य स्रोत है।
लहसुन की कली से बढ़ेगी रोग प्रतिरोधक क्षमता
शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने के कारण बीमारियां घेर लेती हैं। आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ एमके कौशिक का कहना है कि शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए रोजाना सुबह एक कली लहसुन की निगलें। इससे वात पित कफ के दोष दूर होंगे और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।