खेकड़ा (बागपत)। क्षेत्र के ग्राम सुभानपुर खादर में खनन माफिया अवैध बालू का खनन धड़ल्ले से कर रहे हैं। इससे ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने स्थानीय अधिकारियों से अवैध बालू खनन पर रोक लगवाने की मांग की।
क्षेत्र के ग्राम सुभानपुर के जंगल में बालू माफिया यमुना नदी का सीना चीरकर धड़ल्ले से अवैध खनन करने में जुटे हैं। दिन एवं रात में कई ट्रैक्टर और ट्राली दिल्ली सहारनपुर हाईवे से होकर बागपत, लोनी, गाजियाबाद आदि स्थानों पर बालू बिक्री के लिए लेकर जाते हैं। अवैध बालू से लदे ट्रैक्टर ट्राली और ट्रक हाईवे पर पड़ने वाली पुलिस चौकियों के सामने से होकर गुजर जाते हैं, लेकिन पुलिस कर्मी इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इससे बालू माफिया की जमकर चांदी हो रही है। पूर्व में प्रशासनिक अफसरों ने यमुना नदी खादर क्षेत्र में छापा मारा। इसकी भनक लगते ही बालू माफिया क्षेत्र से अपने वाहनों और मशीनों को लेकर निकल जाते हैं। ग्रामीणों ने कहा अवैध बालू खनन पुलिस की मिलीभगत से चलाया जा रहा है। इसके चलते पुलिस इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। ग्रामीणों ने अवैध बालू खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही बालू खनन बंद कराने की मांग की।