दोघट। कस्बे के श्मशान घाट पर स्थापति भगवान शिव की मूर्ति को किसी ने खंडित कर दिया है। इसे लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर शांत कर दूसरी मूर्ति स्थापित कराने का आश्वासन दिया।
दोघट कस्बे में श्मशान घाट के द्वार पर दोनों ओर भगवान शिव की मूर्तियां लगी हुई है। सोमवार की रात असामाजिक तत्वों ने मूर्ति को तोड़कर खंडित कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही भाजपा दोघट मंडल अध्यक्ष कपिल देव, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रमिल पंवार, अंकुर पंवार, नीटू, कंवरपाल, भालू पंडित, हिंदू रक्षा सेना के जिलाध्यक्ष ऋषभ अग्रवाल, संतोष, दीपांशु ने मौके पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची दोघट पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह शांत किया। इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने ग्रामीणों को खंडित मूर्ति हटाकर दूसरी स्थापित कराने का आश्वासन दिया। इंस्पेक्टर कहना है कि मूर्ति को देखने से लगता है कि एक मूर्ति काफी समय से टूटी थी जबकि दूसरी मूर्ति का एक हिस्सा टूटा था। दोनों के स्थान पर दूसरी मूर्तियां स्थापित कराई जाएगी।