बागपत। चमरावल गांव में नया शराब का ठेका खोलने के विरोध में लोगों, जिला जाट महासभा के पदाधिकारियों ने सोमवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम अस्मिता लाल को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी कि यदि ठेका बंद नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
चमरावल, ढिकौली, ललियाना, महेशपुर चोपड़ा और रतनपुरी समेत कई गांवों के लोग कलक्ट्रेट में पहुंचे। जिला जाट महासभा के जिलाध्यक्ष सोमेंद्र ढाका ने कहा कि यदि सरकार को राजस्व की इतनी चिंता है तो अधिकारियों और कर्मचारियों को ही शराब पीने के लिए प्रेरित किया जाए, लोगों पर इसका बोझ न डाला जाए। उन्होंने कहा कि गांवों में किसी भी कीमत पर नए शराब ठेके नहीं खुलने दिए जाएंगे। चमरावल सहित कई गांवों में नए शराब ठेके खोले जा रहे हैं, जो गलत है। उन्होंने कहा कि इसका युवाओं पर गलत असर पड़ेगा और समाजहित में यह सही नहीं है। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर ठेके बंद करवाने की मांग की है ताकि युवाओं व लोगों को नशे की लत से बचाया जा सके। इस मौके पर प्रधान केशव त्यागी, कनक सिंह, संजय, अवनीश कुमार, विशाल, प्रमोद, सुबोध आदि मौजूद रहे।